संसद ने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने वाले चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक को पारित किया

संसद ने राज्‍यसभा की मंजूरी के साथ चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक आज पारित कर दिया है। विपक्षी सदस्यों के वॉकआउट के बीच उच्च सदन ने यह विधेयक पारित किया। लोकसभा ने कल इस विधेयक को पारित किया था। इस विधेयक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके व्‍यक्तियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रति वर्ष चार अवसर देने का प्रावधान है। इसके अलावा विधेयक में चुनाव संबंधी कानून को सैन्‍य मतदाताओं के लिए लैंगिक निरपेक्ष बनाने और चुनाव उद्देश्यों के लिए किसी भी परिसर की आवश्यकता को सक्षम करने के प्रावधान हैं।

विधेयक के बारे में बोलते हुए, कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे एक क्रांतिकारी कानून करार दिया और समय की मांग बताया। उन्होंने कहा कि यह फर्जी मतदाताओं और मतदाता सूची में कई प्रविष्टियों की जांच करेगा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में मदद करेगा। उन्होंने विधेयक को लेकर विपक्ष की आशंकाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे मतदाता सूची को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए लाया गया है। श्री रिजिजू ने कहा कि आधार कार्ड का उपयोग केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा पहचान और उम्र के उद्देश्य के लिए किया जाएगा।

बहस के दौरान विपक्षी दलों ने विधेयक की मंशा और इसे उच्च सदन में लाने के तरीके पर सवाल उठाया। कांग्रेस के अमी याज्ञनिक ने कहा कि यह बिल लोगों के निजता के अधिकार का उल्लंघन है और वंचित वर्ग के लोगों का शोषण करेगा। प्रो. राम गोपाल यादव ने इस कानून को कठोर करार दिया। डीएमके के एम एम अब्दुल्ला ने भी विधेयक का विरोध किया। टीएमसी के डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि सदस्यों को विधेयक को देखने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया था और विधायी सलाहकार समिति में कोई उचित नोटिस नहीं दिया गया था। उपसभापति हरिवंश ने स्पष्ट किया कि सदस्यों को इस बारे में सूचित कर दिया गया था।

विधेयक का समर्थन करते हुए, भाजपा के सुशील मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, टीएमसी और वामपंथी फर्जी मतदाताओं को बचाने के लिए विधेयक का विरोध कर रहे हैं। अन्नाद्रमुक के ए. नवनीतकृष्णन और बीजू जनता दल के के सुजीत कुमार ने जनता दल यूनाइटेड के राम नाथ ठाकुर के साथ विधेयक का समर्थन किया। टीडीपी के, के. रवींद्र कुमार सहित कुछ अन्य सदस्यों ने भी विधेयक पर चर्चा की।

वॉकआउट करने से पहले, टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने विधेयक पर मतों के विभाजन की मांग की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस घटना को सदन के साथ-साथ पूरे देश का अपमान बताया। एक अन्य मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी टीएमसी सांसद के आचरण पर आपत्ति जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post