बुरहानपुर - सर्व सेवा संकल्प समिति बुरहानपुर, द्वारा समाज में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति एवं उसके दुष्प्रभाव पर आधारित एक वेबीनार का आयोजन किया गया। जिसमें सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं नशा ग्रस्त व्यक्तियों के पारिवारिक सदस्य को आमंत्रित किया गया साथ ही इस वेबीनार में मुख्य वक्ता के रूप में श्री साईं नशा मुक्ति केंद्र बुरहानपुर के संचालक डॉ मनोज अग्रवाल जी को आमंत्रित किया गया उन्होंने लोगों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए नशे के दुष्प्रभाव व उनसे बचाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि
मादक पदार्थ इंसान के दिमाग पर बुरा असर डालते हैं। इन सभी मादक द्रव्यों से मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने के साथ समाज, परिवार व देश को भी गंभीर हानि सहन करनी पड़ रही है। किसी भी देश का विकास उसके नागरिकों के स्वास्थ्य पर निर्भर करता है। लेकिन नशे की बुराई के कारण यदि मानव स्वास्थ्य खराब होगा तो देश का भी विकास नहीं हो सकता। नशा एक ऐसी बुरी आदत है जो व्यक्ति को तन-मन-धन से खोखला कर देता है। इससे व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जाती है। इस बुराई को समाप्त करने के लिए शासन के साथ ही समाज के हर तबके को आगे आना होगा। तने पर कार्रवाई करने से पहले जड़ों को काटना होगा। तभी युवा पीढ़ी को बचाया जा सकता है।
उक्त उदगार श्री सांई नशा मुक्ति केंद्र के संचालक डॉ. मनोज अग्रवाल ने व्यक्त करते हुए लोगों से भी इस बुराई को त्यागने का आव्हान किया।
वर्चुअल मीटिंग में सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं आदि ने भाग लिया व नशा ना करने का संकल्प लिया।
अंत में आयोजक संस्था सर्व सेवा संकल्प समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।