खंडवा - किशोर नगर जूनियर एलआईजी स्थित श्री दुर्गाधाम मंदिर में क्षेत्र वासियों द्वारा आज शरदोत्सव मनाया जाएगा। रात्रि में अमृत रूपी चन्द्रकिरणों में रखी खीर का वितरण किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए समिति प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि शरद पूर्णिमा की रात्रि का विशेष महत्त्व है। इस रात को चन्द्रमा अपनी पूर्ण कलाओं के साथ पृथ्वी पर शीतलता, पोषक शक्ति एवं शांतिरूपी अमृतवर्षा करता है। इस पावन अवसर पर मंदिर में रात्रि 8 बजे शक्तिरुपेण मां नवदुर्गा जी की आरती आयोजित होगी। बाबा माधवदास जी ने शरद पूर्णिमा का महत्व बताते हुए कहा कि शरद पूनम दमा रोगियों के लिए वरदान का दिन है। वही दशहरे से शरद पूनम तक चन्द्रमा की किरणों में विशेष हितकारी रस होती हैं। इन दिनों चन्द्रमा की चांदनी का लाभ उठायें जिससे वर्ष भर आप स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगें। नेत्रज्योति बढ़ाने के लिए दशहरे से शरद पूर्णिमा तक प्रतिदिन रात्रि में 15 से 20 मिनट तक चन्द्रमा के ऊपर त्राटक करे।इस रात सुई में धागा पिरोने का अभ्यास करने से नेत्रज्योति बढ़ती है। जो भी इन्द्रियां शिथिल हो गयी हों, उनको पुष्ट करने के लिए चन्द्रमा की चांदनी में खीर रख भगवान को भोग लगाकर अश्विनी कुमारों से प्रार्थना करना चाहिए कि ‘हमारी इन्द्रियों का बल-ओज बढ़ायें।’ नेहा कटारे ने बताया कि रात्रि 9 से 12 बजे तक श्री दुर्गाधाम महिला मंडल की बहनों द्वारा संगीतमय गीतों भजनों की प्रस्तुतियों पश्चात रात्रि 12 बजे अमृत रूपी चन्द्रकिरणों में रखी खीर की प्रसादी का वितरण होगा।
Tags
खंडवा समाचार