परीक्षा अवधि में प्रवेश को ना रोकने एवं मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को पालक संघ ने सौंपा ज्ञापन


बुरहानपुर। पालक महासंघ, जिला बुरहानपुर द्वारा आज जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनी के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी, बुरहानपुर को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों को शुल्क बकाया के आधार पर प्रवेश पत्र से वंचित न किए जाने तथा विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जिले में वार्षिक परीक्षाएँ प्रारंभ होने जा रही हैं। ऐसे समय में यदि किसी विद्यार्थी को शुल्क के कारण परीक्षा प्रवेश पत्र नहीं दिया जाता है, तो इससे उनके मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास एवं परीक्षा परिणाम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पालक महासंघ ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलना चाहिए और केवल शुल्क कारणों से प्रवेश पत्र रोकना न्यायोचित नहीं है।

साथ ही मध्यप्रदेश शासन के “स्वच्छ विद्यालय” एवं विद्यालय सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा अवधि में सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, बालक एवं बालिकाओं हेतु पृथक एवं स्वच्छ शौचालय तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। महासंघ ने सकारात्मक, प्रेरक एवं तनावमुक्त परीक्षा वातावरण निर्माण के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मार्गदर्शक राजीव खेड़कर, उपाध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान, अभय बालापुरकर, विवेक हकीम, प्रवीण पटेल, नंदकुमार वाणे, राजेश भगत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

पालक महासंघ ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं जिले के शैक्षणिक स्तर को सुदृढ़ बनाने हेतु शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post