डेम निर्माण की मांग पर आदिवासियों का कलेक्टर कार्यालय घेराव - कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बुरहानपुर। जिले के धुलकोट तहसील के 40 गांवों से आए 500 से अधिक आदिवासी किसान सोमवार को अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। तेज धूप में करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बावजूद जब कलेक्टर ने मिलने से इनकार कर दिया, तो किसानों में आक्रोश बढ़ गया।

आदिवासी किसानों ने चेतावनी दी कि अगर आधे घंटे के भीतर कलेक्टर उनसे मिलने नहीं आए तो नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया जाएगा। हालात बिगड़ते देख कलेक्टर हर्ष सिंह आखिरकार किसानों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

पानी की समस्या को लेकर विरोध

आदिवासी किसान क्षेत्र में जल संकट को लेकर परेशान हैं। उनकी मुख्य मांग सुक्ता नदी पर डेम निर्माण की है, जिससे 40 गांवों के किसानों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा मिल सके। इस डेम की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर चुके हैं। सर्वे भी पूरा हो चुका है, और कुछ प्रभावितों को मुआवजा भी दिया जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया।

गर्मियों से पहले ही पानी की किल्लत शुरू हो गई है, जिससे किसान चिंतित हैं। उनका कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले महीनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post