बुरहानपुर में चाय की दुकान पर काम करने वाले युवक ने की 20 चोरियां, डेढ़ करोड़ का माल उड़ाया

बुरहानपुर। ऐशो-आराम की जिंदगी जीने और अपराध की दुनिया में नाम कमाने की लालसा ने 22 वर्षीय नदीम खान को पेशेवर चोर बना दिया। महाराष्ट्र के भिवंडी निवासी इस युवक ने अब तक 20 चोरियों को अंजाम देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल उड़ा लिया।



हालांकि, हर वारदात के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और अधिकांश नकदी व आभूषण बरामद कर लिए। हाल ही में सात मार्च को पांडुमल चौराहे के पास हुई चोरी का जब पुलिस ने खुलासा किया, तो यह पूरा मामला सामने आया। एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश और सीएसपी गौरव पाटिल ने इस केस का पर्दाफाश किया।

13 लाख से ज्यादा के आभूषण बरामद

पुलिस ने नदीम के पास से ₹45,500 नकद और ₹13,54,500 मूल्य के सोने, चांदी व डायमंड के आभूषण बरामद किए हैं। सात दिनों के भीतर चोरी का सामान वापस मिलने पर पीड़ित राजरानी मेहता ने पुलिस का आभार जताया।

10,000 रुपये का इनाम घोषित

एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश के अनुसार, इस मामले को सुलझाने के लिए एसपी देवेंद्र पाटीदार ने चोर की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था। साथ ही सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

इस टीम में शिकारपुरा थाना प्रभारी कमल पंवार, एसआई हेमेंद्र सिंह चौहान, एएसआई देवेंद्र पाटील, मेहफूज अली, और सीसीटीवी कंट्रोल रूम में एएसआई मुकरर्रीम खान शामिल थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ शहरभर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।

चाय की दुकान की आड़ में चोरी

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि संदिग्ध युवक चाय की दुकान में काम करता है और नया मोहल्ला इलाके में रहता है। शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।

नदीम रहतपुर, शांतिनगर, भिवंडी (जिला ठाणे) का रहने वाला है और कम उम्र में ही 18 से अधिक चोरियां कर चुका था। इससे पहले भी पुलिस 1 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी व आभूषण बरामद कर चुकी थी।

लगभग हर थाने में उसकी तस्वीर चिपक चुकी थी, जिससे बचने के लिए वह कुछ समय से बुरहानपुर में रह रहा था। खुद को सामान्य दिखाने के लिए उसने चाय की दुकान में काम करना शुरू कर दिया। लेकिन असल में वह दिन में सूने मकानों की रेकी करता और रात में चोरी को अंजाम देता था।

पुलिस की सतर्कता और तेजी से की गई कार्रवाई के चलते अब वह सलाखों के पीछे है।


Post a Comment

Previous Post Next Post