आरोपी प्रतीक नवलखे पिता सुरेश नवलखे द्वारा वर्ष 2020-21 में कोरोना काल के दौरान जिला अस्पताल में रोगियों के लिए विभिन्न मदों में आई शासकीय राशि को फ़र्जी खातों के माध्यम से निकालकर धोखाधड़ी पूर्वक ग़बन किया गया था।
लालबाग़ पुलिस द्वारा आरोपी प्रतीक से 11,00,000/- (ग्यारह लाख) की नगद राशि जप्त की गयी है। पुलिस द्वारा आरोपी प्रतीक की चल-अचल संपत्ति की जानकारी निकाली जा रही है। जिन्हें साक्ष्य अनुसार जप्त किया जाएगा। प्रकरण में पुलिस द्वारा सूक्ष्मता से विवेचना करते हुए साक्ष्य व पूछताछ के आधार पर ग़बन में सम्मिलित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
वर्ष 2020-21 में जिला अस्पताल में हुई धोखाधड़ी व शासकीय राशि ग़बन के मामले में लालबाग़ पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 347/22 धारा 420, 406, 409, 120-B भा.द.वि., 13(द) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का दर्ज़ किया था।
प्रकरण में पुलिस ने आरोपी संजय दुबे, राजेश निम्भोरकर, संदीप जाधव, अशोक पठारे, को गिरफ़्तार कर लिया था।
अशोक पठारे जिला अस्पताल में लेखा शाखा का मुख्य बाबू है। उसने वर्ष 2020-21 के दौरान शासकीय राशि के फ़र्जी बिल जारी किए। पुलिस ने अशोक पठारे से 5,93,000/- (पाँच लाख तिरानवे हज़ार) की नगदी जप्त की थी। चारों आरोपियों से कुल 17 लाख नगदी , 22 लाख की एफ.डी., 40 लाख का गोएट्री फार्म, 30 लाख की पाँच कारें, 29 लाख अकाउंट फ्रीज़ सहित कुल लगभग 1 करोड़ 38 लाख की जप्ती की जा चुकी है।
पुलिस द्वारा अस्पताल से जप्त रिकॉर्ड व बैंक खातों की जाँच से यह सामने आया था कि कोरोना काल के दौरान जिला अस्पताल के रोगी कल्याण समिति, एन. एच. एम. व रेगुलर खातों के विभिन्न मदों में राशि आई थी जिसे फ़र्जी बिल के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में डालकर निकासी की जाना पाया गया था। पुलिस द्वारा आरोपियों के खातों की बारीकी से जाँच की जा रही है।
आरोपी प्रतीक की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी लालबाग़ ए.पी. सिंह, उ.नि. अजय चौहान, प्र.आर. प्रदीप भरसाके, प्र.आर. अजय वारुले , सचिन मिश्रा, आर. पंकज पाटीदार, लाल सिंह ब्राह्मने, सायबर एक्सपर्ट दुर्गेश का विशेष योगदान रहा।
Tags
बुरहानपुर समाचार
