जल संवर्धन एवं भूमिगत जल पुनर्भरण विषय पर कलेक्‍ट्रेट कार्यालय में बैठक संपन्न , गठित 10 दल क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करेंगे

बुरहानपुर/4 जनवरी, 2022/- कलेक्टर एवं जिला मजिस्टेªट श्री प्रवीण सिंह की अध्यक्षता में आज जल शक्ति अभियान अंतर्गत ‘‘कैच द रेन‘‘ जल संवर्धन एवं भूमिगत जल पुनर्भरण विषय पर कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर पूर्व केबिनेट मंत्री श्रीमति अर्चना चिटनीस, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहित सिसोनिया, जनपद पंचायत बुरहानपुर मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री नीलम रायकवार, खकनार जनपद पंचायत सीईओ श्री टेमने सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 
 जल संरक्षण एवं संवर्धन अंतर्गत पूर्व में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। आयोजित कार्यशाला के परिपालन में आज बैठक आहूत की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार जिला पंचायत के वार्डवार दल गठित किये गये है तथा उन्हें कार्य दायित्व सौंपे गये है। इस अवसर पर पूर्व केबिनेट मंत्री श्रीमति अर्चना चिटनीस ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा किये जाने वाले कार्य के प्रति अधिकारियों/कर्मचारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को कार्य हेतु प्रोत्साहित किया। 
 कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार जिला पंचायत के 10 वार्ड हेतु दल गठित किये गये है। प्रत्येक दल का एक दल प्रभारी नियुक्त किया गया है। गठित दल में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा शासकीय सदस्य शामिल है। निर्देशित किया गया है कि गठित दल अपने-अपने क्षेत्रों में आपसी समन्वय एवं तालमेल बैठाते हुए जल संरक्षण, संवर्धन एवं भूमिगत जल पुनर्भरण के क्षेत्र में सौंपे गये कार्य-दायित्वों का निर्वहन करेंगे। 
 कार्ययोजना अनुसार दल दिनांक 5, 6 एवं 7 जनवरी, 2022 को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत भ्रमण करते हुए जल संरक्षण एवं संवर्धन अंतर्गत लिये जाने वाले कार्यो का चयन करेंगे। आयोजित बैठक में दलों को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायतों में बैठक आयोजित की जाये। जिसमें जल संरक्षण में रूचि रखने वाले ग्रामीणों को विशेष रूप से आमंत्रित करें। बैठक में जल संरक्षण से होने वाले लाभ की जानकारी, जल संरक्षण हेतु ग्रामीणों से आवश्यक सुझाव आमंत्रित, नदी-नालों में वर्षा समाप्ति के उपरांत बहाव की जानकारी प्राप्त करें। बैठक में यह निर्देशित किया गया कि गठित दल आवश्यक रूप से नदी-नालों, पूर्व निर्मित जल संरचनाओं का निरीक्षण करेंगे तथा स्थिति से अवगत कराते हुए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी संकलित कर जिला पंचायत की ओर प्रस्तुत करेंगे। तत्पश्चात प्रशासकीय स्वीकृति जारी करवाकर आगामी 16 जनवरी, 2022 को आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित रहेंगे। अंत में कोविड प्रोटोकॉल अनुरूप व्यवहार करने हेतु शपथ ग्रहण करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post