बुरहानपुर। आज शासकीय कन्या शाला में पालक महासंघ बुरहानपुर द्वारा “स्माइल के साथ एग्जाम” अभियान का आयोजन उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया गया। इस अभिनव पहल का उद्देश्य परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करना तथा परीक्षा को भयमुक्त, प्रेरणादायी एवं उत्सवमय वातावरण में सम्पन्न कराना है।
समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनी ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन इसे भय का कारण नहीं बल्कि आत्मविश्वास का अवसर बनाना चाहिए। इसी भावना के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई, ताकि विद्यार्थी मुस्कान और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश करें।
समिति सदस्य राजेश भगत ने इस अवसर पर अपनी बात रखते हुए कहा जिस तरह मतदान दिवस पर बुथों को सजाया जा रहा, शासकीय स्कूले प्रारंभ होने पर विद्यार्थियों के स्वागत में स्कूलों में उत्सव का वातावरण तैयार किया जाता है उसी तरह एक विद्यार्थी के जीवन में यह महत्वपूर्ण पडाव होता है उसके लिए अभिभावकों को साथ लेकर प्रशासन ने यह कार्यक्रम रचनात्मक बनाते हुए आयोजित करने की पहल कर पालक महासंघ को सहयोग करना चाहिए।
महामंत्री नंदकिशोर वाणे ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा दिवस पर विद्यालय के प्रवेश द्वार पर पालक महासंघ के प्रतिनिधि एवं शिक्षकगण — धर्मेन्द्र चौकसे, भारती धाढे एवं दिलीप वागले — ने मुस्कान के साथ परीक्षार्थियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों को “All the Best” बैज/स्टिकर प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वरिष्ठ मार्गदर्शक राजीव खेडकर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा —
“आप सक्षम हैं”,
“डर नहीं, विश्वास रखिए”,
“आपकी मेहनत अवश्य रंग लाएगी।”
कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को भी यह संदेश दिया गया कि वे बच्चों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, संवाद में विश्वास बनाए रखें और परीक्षा को सहजता से लेने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर समिति सदस्य — अभय बालापुरकर, राजकुमार बचवानी, डॉक्टर युसूफ खान, विजय राठौर, रियाज उल हक अंसारी, अजय राठौर एवं राजेश भगत सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
“स्माइल के साथ एग्जाम” अभियान ने यह सिद्ध किया कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक पहल से परीक्षा का वातावरण प्रेरणादायी और आनंदमय बनाया जा सकता है।
Tags
बुरहानपुर समाचार
