बुरहानपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण और निकाह के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर छात्रा के साथ तस्वीरें खींचीं और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया।
पीड़िता कक्षा 11वीं की छात्रा बताई जा रही है। करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने आखिरकार परिजनों को पूरी बात बताई। मंगलवार शाम परिजन उसे लेकर शाहपुर थाने पहुंचे, जहां आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट और पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी शेख अरशद बताया जा रहा है, जो नगर परिषद शाहपुर के एक भाजपा पार्षद का पुत्र है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान
शिकायत में छात्रा ने बताया कि अप्रैल 2025 में आरोपी ने स्नैपचैट पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन बाद में इंस्टाग्राम पर भी संपर्क बढ़ा और नियमित चैटिंग होने लगी। जुलाई में दोनों की पहली मुलाकात शहर के एक रेस्टोरेंट में हुई।
छात्रा का आरोप है कि युवक उसे कई बार अलग-अलग स्थानों पर ले गया, जहां उसने नजदीकी तस्वीरें खींचीं। बाद में इन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर धर्मांतरण और निकाह का दबाव बनाया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया।
पुलिस अब आरोपी की सोशल मीडिया चैटिंग और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
संगठनों में आक्रोश
घटना के सामने आने के बाद कुछ हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश देखा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
बुरहानपुर समाचार