बुरहानपुर। जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागृह में "तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान" विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में मध्य प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के कार्यक्रम समन्वयक श्री आनंद वर्मा एवं श्री नयन पांडे (इंदौर) विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षक के रूप में उन्होंने विस्तार से कार्ययोजना के बारे में बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी श्री सोलंकी ने की। इस अवसर पर तंबाकू नियंत्रण समिति के सदस्य डॉ. मनोज अग्रवाल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. भारत चौधरी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य एवं प्रभारीगण भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
प्रशिक्षकों द्वारा कोटपा अधिनियम की विभिन्न धाराओं की विस्तार से जानकारी दी गई, जिनके तहत शैक्षणिक संस्थानों से 100 गज की परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री निषिद्ध है। साथ ही सभी विद्यालयों में “तंबाकू मुक्त परिसर” के साइनबोर्ड लगाने, तंबाकू के दुष्प्रभाव से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित करने, एवं संस्थान की बाउंड्री वॉल से 100 गज की दूरी का पीली रेखा द्वारा चिन्हीकरण करने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में यह भी बताया गया कि शिक्षण संस्थानों में नियमित रूप से तंबाकू नियंत्रण से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए जिससे बच्चों में नशे के प्रति प्रतिरोधक भावना विकसित हो।
कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम न केवल शिक्षकों और प्रशासन के लिए जानकारीवर्धक रहा, बल्कि यह तंबाकू मुक्त भविष्य की ओर एक मजबूत पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।
Tags
बुरहानपुर समाचार