तोक्यो ऑलम्पिक में बैडमिंटन के महिला सिंगल्स में पी वी सिंधु ने कांस्य पदक जीत लिया है और इस जीत के साथ सिंधु ऑलम्पिक खेलों में दो व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
पांच जुलाई 1995 को हैदराबाद में जन्मी पुसर्ला वेंकट सिंधू ने तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। सिंधू ने न सिर्फ देश के लिए पदक जीता, बल्कि लगातार दो ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतकर पहली भारतीय महिला खिलाड़ी होने का गौरव भी हासिल किया। इससे पहले सिंधु ने रियो ओलंपिक में रजत पदक जीता था।
सिंधू ने आज प्लेऑफ मुकाबले में चीन की ही बिंग जियाओ को 21-13, 21-15 से हराया। शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सिंधू अपनी प्रतिद्वंदी जियाओ पर पूरी तरह से हावी रहीं।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और खेलमंत्री ने सिंधू को पदक जीतने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि सिंधू ने लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतकर अपनी निरंतरता, समर्पण और उत्कृष्टता का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि सिंधू भारत का गौरव हैं और देश के ओलंपिक खिलाड़ियों में से एक हैं।
Tags
राष्ट्रीय समाचार