नेपानगर क्षेत्र में पकड़े गए तेंदुए को वन विभाग की टीम द्वारा नर्मदा नगर के जंगलों में छोड़ा गया


बुरहानपुर - नेपानगर के ग्राम भातखेड़ा में बड़ी मशक्कत के साथ पकड़े गए तेंदुए को वन विभाग की टीम द्वारा वन मंडल खंडवा की चांदगढ़ रेंज की बीट बाकापलास के कक्ष क्रमांक 286 में नर्मदानगर के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि तेंदुआ शनिवार को पिंजरे में कैद हुआ था। पिंजरे से निकलने की जुगत में तेंदुआ पूरे समय गुर्राता रहा। 12 घंटे बाद उसे जैसे ही छोड़ा गया तेंदुए ने जंगल की ओर दौड़ लगा दी।

गौरतलब है कि भातखेड़ा स्थित एक खेत में दो बार तेंदुआ नजर आने पर वन विभाग की टीम ने 13 जुलाई को यहां पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास कियाए लेकिन लगातार 15 दिन तक तेंदुआ गिरफ्त में नहीं आया।

बाद में वन विभाग ने केले के खेत में ही दूसरी लोकेशन पर पिंजरा लगाया। जहां मटन रखा जा रहा था। 18 वें दिन शनिवार सुबह तेंदुआ लालच में फंस गया। पिंजरा काफी छोटा पड़ गया था। वन विभाग को उम्मीद नहीं थी कि बढ़ा तेंदुआ पकड़ाएगा।

उसकी उम्र करीब डेढ़ साल बताई गई। विभाग ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। डीएफओ गौरव चौधरी ने खंडवा सीसीएफ महेंद्रसिंह सिसौदिया से चर्चा की। जिसके बाद तेंदुए को खंडवा जिले की चांदगढ़ रेंज की बाकापलास में छोड़ा गया। रेंजर मयंक पांडे ने बताया कि तेंदुआ काफी खूंखार था। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर उसे खंडवा जिले की चांदगढ़ रेंज में सुरक्षित छोड़ आए।

Post a Comment

Previous Post Next Post