भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट से 13 उड़ानें फिर शुरू हुईं

भोपाल - कोरोना संकट के कारण एयरलाइंस कंपनियों और एयरपोर्ट अथारिटी को बहुत नुकसान उठाना पड़ा। संक्रमण के खतरे के कारण विमान से सफर करने वालों की संख्या 80 फीसद तक कम हो गई थी, पर अब यह बीते दिनों की बात हो गई है। भोपाल एयरपोर्ट की रौनक फिर से लौट आई है। हवाई यातायात पर कोरोना का असर लगभग समाप्ति की ओर है।

कोरोना की पहली लहर के समय दो माह तक घरेलू उड़ानें बंद रही थीं। दूसरी लहर के दौरान हवाई यातायात पूरी तरह बंद नहीं हुआ, लेकिन कई पाबंदियों और संक्रमण के खतरे के कारण यात्रियों ने ही सफर करना बंद कर दिया। नतीजतन, एयरलाइंस कंपनियों को अपनी उड़ानें अस्थाई रूप से बंद करनी पड़ी। राजा भोज एयरपोर्ट से कुछ समय तक एक भी उड़ान का संचालन नहीं हुआ। दो उड़ानों के साथ एयर ट्रैफिक पुन: शुरू हुआ था, लेकिन यात्रियों का टोटा बना हुआ था। अब स्थिति सामान्य हो रही है।

13 उड़ानों का संचालन पुन: शुरू हुआ
कोरोना काल से पहले भोपाल से 15 जोड़ी उड़ानों का संचालन हो रहा था। अब 15 में से 13 जोड़ी उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यात्रियों की औसत संख्या 2500 से भी अधिक हो गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जून माह में राजा भोज एयरपोर्ट से 26 हजार 506 यात्रियों ने सफर किया। इस दौरान 264 विमानों ने फेरे लगाए। जुलाई के अधिकृत आंकड़े अभी जारी नहीं हुए हैं, लेकिन अनुमानित संख्या 50 हजार हो सकती है। अगस्त की शुरुआत के साथ ही संख्या फिर बढ़ी है। अब औसत ढाई हजार यात्री प्रतिदिन सफर कर रहे हैं। माना जा रहा है कि विंटर सीजन में भोपाल एक बार फिर एक लाख मासिक यात्री संख्या वाले क्लब में शामिल हो जाएगा

Post a Comment

Previous Post Next Post