- कलेक्टर ने खड़की गांव के ग्रामीणों से किया जलापूर्ति को लेकर संवाद
- जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम खड़की में घर-घर जलापूर्ति
बुरहानपुर/3 जून, 2021/- जल जीवन मिशन कार्यक्रम अंतर्गत स्वीकृत ग्रामीण नल जल योजनाओं के तहत ग्राम खड़की में घर-घर जलापूर्ति एवं जल जीवन मिशन अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निर्माण कार्य प्रगतिरत् है। उक्त कार्यो के बेहतर क्रियान्वयन एवं जांच हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने ग्राम खड़की पहुंचकर प्रगतिरत् कार्यो का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री बुंदेला सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बिछाई गई पाईप लाईन की गहराई जांची
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने मिशन अंतर्गत जलापूर्ति के लिए बिछाई गयी पाईप लाईन की गहराई, मैनेजमेंट एवं बिलों की जांच की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से जलापूर्ति को लेकर चर्चा की। योजनान्तर्गत लाभान्वित हो रही ग्रामीण महिला से संवाद किया तथा उनके घरों में जाकर जलापूर्ति की वस्तुस्थिति देखी साथ ही जलापूर्ति विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने ग्रामीणों के घरों पर लगाये गये टोटी वाले नलों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया एवं वॉल लगाने के निर्देश दिये तथा उन्होंने टीकाकरण हेतु ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया।
कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री बुंदेला ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव में निर्माणाधीन टंकी का काम 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका हैं। वर्तमान में गांव के लगभग 300 घरों में टोटी वाले नल के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही हैं। करीब 1 माह के भीतर जल जीवन मिशन अंतर्गत यह कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा और ग्रामीणों को घर-घर जलापूर्ति की जायेगी।
Tags
बुरहानपुर समाचार