प्रदेश में बेटी बचाओ अभियान को नए सिरे से चलाया जाएगा

●प्रदेश में गंभीर कुपाषित बच्चों का एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम लागू
● मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा

भोपाल - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में बेटी बचाओ अभियान को नए सिरे से चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत बच्चियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, सुरक्षा तथा सशक्तीकरण हर पहलू पर ध्यान दिया जाएगा। मध्यप्रदेश की पोषण नीति तैयार है, जिसे शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने गंभीर कुपोषित बच्चों का एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम राज्य में लागू किया है। हम कुपोषण को पूरी तरह समाप्त करेंगे। हमारा ध्येय है 'पोषित परिवार-सुपोषित मध्यप्रदेश'।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव श्री अशोक शाह और प्रमुख सचिव श्री मनोज गोविल उपस्थित थे।

बच्चों का कुपोषण दूर करने के सघन प्रयास

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत उनका नियमित रूप से वजन लिए जाना, पोषण आहार प्रदाय, सामान्य कुपोषित बच्चों का समुदाय स्तर पर उपचार एवं पोषण प्रबंधन, अतिरिक्त पोषण आहार प्रदाय, गंभीर कुपोषित बच्चों का पोषण पुनर्वास केन्द्रों पर उपचार एवं देखभाल आदि कार्य किए जा रहे हैं। पोषण सेवाओं की मॉनीटरिंग के लिए 'पोषण डैशबोर्ड' तैयार किया गया है।

पोषण स्तर में सुधार होने पर प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि 'पोषित परिवार-सुपोषित मध्यप्रदेश' कार्यक्रम के अंतर्गत गंभीर कुपोषण वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होने पर परिवार को प्रोत्साहन राशि दी जाती है तथा सम्मान किया जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post