15 दिन का गोल्डन नियम -
कोरोना से खुद की और अपने परिवार की सुरक्षा करने का एकमात्र उपाय है ‘15 दिन का गोल्डन नियम'।
15 दिनों तक उन सभी सावधानियों को सख्ती से अपने जीवन में शामिल करें जिनसे मार्च- अप्रेल में हमारा परिचय हुआ था। आवश्यकता पड़ने पर 15 दिन के लिए सामाजिक भीड़ से स्वयं को अलग कर लें।
◆ सोशल डिस्टेंसिंग -
कोरोना संक्रमण से बचने का सबसे सशक्त उपाय है सामाजिक दूरी। सामाजिक दूरी को पालन करते वक्त भेदभाव न करें। चाहे सामने वाला व्यक्ति अपना हो या पराया, 6 फीट की दूरी सभी से रखें।
◆ फेस मास्क -
आने वाले 15 दिन मास्क लगाएं तो याद रखें कि घर के बाहर किसी भी कीमत पर यह मास्क नहीं हटेगा। मास्क यदि मुंह पर लगा है और नाक ढकी हुई नहीं है तो मास्क लगाने का कोई औचित्य नहीं है इसलिए मास्क को पूरे समय सही ढंग से लगाएं।
◆ गुनगुना पानी -
अब तो वैसे भी सर्दी का मौसम आ चुका है। आसानी से पूरे दिन गुनगुना पानी पी सकते हैं इसलिए कोशिश करें कि दिनभर में कम से कम 2-3 बार तो गुनगुने पानी का ही सेवन करें।
◆ योग-प्राणायाम -
आने वाले 15 दिन प्रतिदिन प्रात: पूरे परिवार के साथ योग करें। योग में उन सभी आसनों को शामिल करें जिनसे शरीर की रोग- प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
◆ चिकित्सक का परामर्श -
यदि आपको सामान्य सर्दी-बुखार भी है तो पहले डॉक्टर को बताएं। सर्दी-बुखार आपकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को कम कर सकता है जो कि वर्तमान समय के लिए ठीक नहीं है।
◆ अपनों के लिए डरें -
घर में बड़े-बुजुर्ग, बच्चे या गर्भवती महिला हैं तब तो बेहद आवश्यक है कि कोरोना के संक्रमण से पहले आपके शरीर में भय का संक्रमण हो जाए। यदि आप अपनों के लिए डरेंगे तो स्वयं को और अपनों को सुरक्षित रख पाएंगे।
◆ लम्बी गहरी सांस लें -
दिन में तीन बार ब्रीथिंग करें और घर के अन्य सदस्यों को भी करवाएं। एकबार में 10 से 15 बार लंबी गहरी सांस लें, ठहरें और फिर छोड़ दें। ऐसा करने से फेफड़े मजबूत होते हैं।
◆ जेब में रखें हाथ -
यदि किसी भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाते हैं तो सबसे पहले अपने दोनों हाथों को जींस या ट्राउजर की जेब में डाल लें। ऐसा करने से आप उस जगह भूलकर भी किसी रेलिंग, दीवार या अन्य वस्तु को छू नहीं पाएंगे।
◆ काम से आ कर पुनः स्नान -
याद कीजिए वो मार्च-अप्रैैल का समय, जब आप ऑफिस जाते थे तो घर आकर सबसे पहले स्नान करते थे। 15 दिन के लिए उस समय को एकबार फिर से जी लें। ऐसा करने से आप और आपका परिवार दोनों कोरोना की चपेट से बच जाएंगे।
◆ सैनिटाइजर की छोटी शीशी -
अपने साथ सैनिटाइजर की एक छोटी शीशी जरूर रखें। शीशी इतनी ही बड़ी होना चाहिए कि जेब में आ जाए। ताकि बार-बार आप हाथों को आसानी से सैनिटाइज कर सकें, आलस्य आपके आड़े न आए।
◆ 8-9 घंटे की समय सीमा -
जब भी बाहर से कोई सामान ला रहे हैं तो धीरज रखें, सामान को सैनिटाइज करें। यदि सामान का तुरंत उपयोग नहीं करना है तो 8 से 9 घंटे के लिए उसे अलग रख दें।
◆ आइसोलेशन -
यदि अभी भी आपको लग रहा है कि पिछले दिनों आप बिना सावधानी के बहुत लोगों से मिले हैं तो आने वाले 15 दिनों के लिए बाहर न निकलें और घर के सदस्यों से भी थोड़ी दूरी बनाकर रखें।
◆ पौष्टिक आहार -
अगले 15 दिन बाहर से कुछ खाने का तो विचार बिल्कुल त्याग दें। घर में भी तला-गला खाने की बजाय पौष्टिक आहार का सेवन करें। डाइट में हरी सब्जियों और खड़े मसालों को शामिल करें।
◆ कोहनी और पैरों का करें इस्तेमाल -
बाहर जाने पर भूल जाएं कि आपके पास दो हाथ भी हैं। दरवाजा खोलने, लिफ्ट का उपयोग करने के लिए कोहनी और पैरों का इस्तेमाल करें। हाथों को बार-बार चेहरे पर न लगाएं।
◆ घर में कैद होने का चैलेंज -
आने वाले 15 दिन खुद को एक चैलेंज दें। कई सारे काम लॉकडाउन के समय पर भी घर बैठकर हो रहे थे इसलिए आने वाले 15 दिन घर से ही अधिक से अधिक काम करें। बाहर निकलने के लिए बहाने न ढूंढ़ें।
नोट: यह लेख कोरोना संक्रमण से बचाव का तरीका भर है ना कि उपचार। यदि आपको कोविड-19 के जरा भी लक्षण महसूस हों या फिर विस्तार से जानकारी चाहिए तो सरकार की गाइड लाइंस का पालन करें और अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। बेहतर होगा आप सरकार की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर का प्रयोग करें।