रेड क्रॉस स्थापना दिवस पर नशा मुक्ति एवं प्राथमिक उपचार जागरूकता शिविर आयोजित



बुरहानपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा बुरहानपुर द्वारा रेड क्रॉस स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा सप्ताह के अंतर्गत रेणुका कृषि उपज मंडी परिसर में मजदूरों, हमालों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए नशा मुक्ति जागरूकता एवं प्राथमिक उपचार शिविर का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में रेड क्रॉस सोसाइटी मध्यप्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य एवं नशा मुक्ति अभियान के लिए सुप्रसिद्ध डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ.हीरेन पटेल एवं डॉ. खुशबू पारेख उपस्थित रहे। 

वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इससे बचने के उपाय बताए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।

प्राथमिक उपचार के राज्यस्तरीय ट्रेनर डॉ मनोज अग्रवाल द्वारा घर एवं कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान अस्पताल पहुंचाने से पहले दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी भी दी गई। 
इस दौरान फर्स्ट एड किट में आवश्यक सामग्री, घायल व्यक्ति की सहायता करने के सही तरीके तथा आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसकी प्रायोगिक जानकारी देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित मजदूरों एवं कर्मचारियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। 

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री सुमित बोरले , कोषाध्यक्ष श्री कपिल गुप्ता, श्री प्रभाकर महाजन, श्री संतोष श्रॉफ,श्री मनोज मुंशी, श्री मुकेश पुर्वे, श्री अताउल्लाह खान, श्री राज़ीक हुसैन अंसारी, श्री सत्यनारायण लड्डा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री मुकेश पुर्वे द्वारा किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post