“अन्नदाता को राहत दो” : खरीदी केंद्रों की बदहाली पर ताप्ती सेवा समिति का विरोध



बुरहानपुर | वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनाज खरीदी का कार्य जारी है, लेकिन यह प्रक्रिया किसानों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। भीषण गर्मी में किसान अपनी फसल लेकर उपार्जन केंद्रों पर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। तेज धूप, अपर्याप्त सुविधाएं और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण अन्नदाता का सम्मान लगातार आहत हो रहा है। कई स्थानों पर बारिश के कारण फसल खराब होने की घटनाएं भी सामने आई हैं, वहीं कई मामलो में तुलाई के लिए रिश्वत मांगे जाने जैसी शिकायतें व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती हैं।

ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर ने इस पूरे मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि किसानों को खरीदी के लिए निर्धारित समय सीमा के बंधन से मुक्त किया जाना चाहिए, क्योंकि फसल कटाई हर क्षेत्र में एक समान समय पर नहीं होती। वर्तमान व्यवस्था में तय समय सीमा के दबाव के कारण किसानों को मजबूरी में अपनी फसल जल्द कटवाने के लिए महंगी मजदूरी देनी पड़ती है, जिससे उनका सीधा आर्थिक नुकसान होता है।

समिति ने सरकार से मांग की है कि किसानों की फसल की खरीदी सीधे उनके घर या खेत से सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें उपार्जन केंद्रों पर लगने वाली लंबी लाइनों और भीषण गर्मी में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। साथ ही खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाते हुए भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर सख्त रोक लगाई जाए तथा किसानों की फसल को बारिश और अन्य प्राकृतिक नुकसान से बचाने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की जाएं। समिति का मानना है कि यदि सरकार टैक्स वसूली के लिए घर-घर पहुंच सकती है, तो किसानों की फसल खरीदी के लिए भी ऐसी व्यवस्था लागू की जा सकती है, जिससे किसानों को सम्मान, सुविधा और आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
किसान भास्कर महाजन ने कहा ट्रैक्टरों की लाइन लग रही है किसानों को 20-20 दिन बाद पेमेंट की जा रही
अंततः, यदि हम वास्तव में किसान को “अन्नदाता” मानते हैं, तो उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना आवश्यक है। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर ने सरकार से किसानों के हित में इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर तत्काल ठोस निर्णय लेने की अपील की है।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सरिता भगत सचिनव धर्मेंद्र सोनी मार्गदर्शन मंसुर सेवक उपाध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान डॉ यूसुफ खान राजकुमार बचवानी राजीव अंसारी राजेश भगत आदि लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post