“खेती की कठिनाइयों के बीच बेटी ने रचा इतिहास — किसान की बेटी बनी डॉक्टर”, प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस बेटियों के लिए निःशुल्क हो - ताप्ती सेवा समिति



बुरहानपुर। गांव सिर्सोदा के भूमिपुत्र किसान श्री कृष्णा पाटिल की सुपुत्री कु. रुचिका पाटिल द्वारा एल एन सी टी विश्वविद्यालय भोपाल से एमबीबीएस की डिग्री प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करने पर ताप्ती सेवा समिति बुरहानपुर द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर समिति सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार किसान आर्थिक संकट, बढ़ती लागत, मौसम की मार और व्यवस्था संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है, उसके बावजूद अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना किसी संघर्ष से कम नहीं है। ऐसे समय में किसान परिवार की बेटियों का डॉक्टर बनना पूरे समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।

समिति ने कहा कि आज आवश्यकता केवल खेती बचाने की नहीं, बल्कि किसान परिवारों के भविष्य को मजबूत बनाने की भी है। यदि किसान अपने बच्चों को शिक्षित करेगा, तभी आने वाली पीढ़ियां आत्मनिर्भर बन सकेंगी और समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

सम्मान समारोह में कु. रुचिका पाटिल ने कहा कि आज बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” जैसे नारे तो देती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की अत्यधिक फीस गरीब एवं किसान परिवारों की बेटियों के लिए सबसे बड़ी बाधा बनती जा रही है। कई प्रतिभाशाली बेटियां केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पातीं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में बेटियों को आगे बढ़ाना चाहती है, तो प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस बेटियों के लिए निःशुल्क की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीण, गरीब एवं किसान परिवारों की बेटियां भी डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य बड़े पदों तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने रुचिका पाटिल की उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक छात्रा का नहीं, बल्कि संघर्षरत किसान परिवारों की मेहनत, त्याग और शिक्षा के प्रति विश्वास का सम्मान है।

समिति ने समाज से भी अपील की कि बेटियों की शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम समझा जाए। क्योंकि शिक्षित बेटी केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य बदलने की क्षमता रखती है।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत कविता चौहान आशा तिवारी सचिव धर्मेंद्र सोनी भूपेंद्र जूनागढ़े डॉक्टर युसूफ खान पुनीत साकले श्री किशन चौहान इकबाल अंसारी मोहन दलाल देवचंद शर्मा राजेश भगत आदि लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post