ताप्ती सेवा समिति ने वृद्धाश्रम के वृद्धजनों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन




बुरहानपुर। ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा जिले में संचालित वृद्धाश्रम के वृद्धजनों की समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को रैन बसेरा में स्थानांतरित किया गया है, लेकिन स्थानांतरण के बाद उनकी मूलभूत सुविधाओं—विशेषकर भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समिति ने प्रशासन से मांग की कि वृद्धजनों के लिए नियमित भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मध्यप्रदेश शासन की दीनदयाल रसोई योजना के माध्यम से नि:शुल्क या रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शासकीय चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम गठित कर साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि वृद्धजनों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सके।

ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया कि पात्र वृद्धजनों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (म.प्र.) एवं मुख्यमंत्री वृद्धजन कल्याण योजना जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा रैन बसेरा में स्वच्छता, पेयजल, बिस्तर एवं सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित करने की मांग की गई।

समिति ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं देखभाल करना समाज एवं शासन दोनों की जिम्मेदारी है। अतः प्रशासन इस विषय में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाए।

इस अवसर पर श्रीमती सरिता भगत, धर्मेंद्र सोनी, राजीव खेड़कर, अत्ताउल्लाह खान, मंसुर सेवक, रियाज उल हक अंसारी, बसंत पाल, राजकुमार बचवानी, डॉ. यूसुफ खान, नंदकिशोर वाणे, दीपक महाजन एवं समाजसेवी राजेश भगत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post