हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सार्वजनिक भंडारों में सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध —निगम आयुक्त

बुरहानपुर — नगर पालिक निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शहर में हनुमान जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों एवं स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया जाता है।
निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने भंडारे आयोजित करने वाली सभी समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि इन आयोजनों में प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक सामग्री (जैसे गिलास, प्लेट, दोने आदि) का उपयोग पूर्णतः न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति या समिति इसका उपयोग करते हुए पाई जाती है, तो नगर निगम द्वारा नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भंडारों में पानी पीने के लिए स्टील या तांबे के लोटे/ग्लास का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही प्रसादी वितरण के लिए केले के पत्तल, अन्य वृक्षों के पत्तल या पुनः उपयोग में आने वाले बर्तनों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
नगर निगम द्वारा सार्वजनिक भंडारों, धार्मिक आयोजनों एवं सड़क किनारे लगने वाले लंगरों में सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लागू किया गया है। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों/समितियों पर जुर्माना एवं कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
अंत में निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव ने समस्त शहरवासियों को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल आयोजन करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post