बुरहानपुर। जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अपमानजनक या धार्मिक एवं जातिगत भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट से दूर रहें।
पुलिस के अनुसार इस तरह की सामग्री समाज में तनाव और अशांति पैदा कर सकती है। इसलिए नागरिक ऐसी पोस्ट न तो शेयर करें, न लाइक करें और न ही फॉरवर्ड करें। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर ऐसी किसी भी सामग्री से पूरी तरह बचें, जिससे किसी वर्ग या समुदाय की भावनाएं आहत हों।
एसपी देवेंद्र पाटीदार ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ बीएनएस और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि जिले में सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार ऐसे पोस्टों की निगरानी कर रही है। इसके अलावा प्रत्येक थाना स्तर पर भी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से ऑनलाइन गतिविधियों पर सतत नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में सोशल मीडिया पर कोई भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट आती है तो उसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखा जा सके।
Tags
बुरहानपुर समाचार