बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना पुलिस को चोरी के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। थाना नेपानगर की नावरा चौकी पुलिस ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को ग्राम केरपानी निवासी फरियादी विजय ने थाना नेपानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ बाजार गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की झुमकी, चांदी की पायजेब एवं चांदी की चैन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई गई।
मामले में थाना नेपानगर में अपराध क्रमांक 94/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतरसिंह कनेश एवं एसडीओपी नेपानगर श्री निर्भयसिंह अलावा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल एवं चौकी प्रभारी नावरा उपनिरीक्षक हेमेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आमीन (19 वर्ष) एवं रमजान (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम केरपानी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तकनीकी एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 28 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। साथ ही आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
👮♂️ सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल, चौकी प्रभारी हेमेन्द्र सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के सदस्यों संदीप पटेल, दीपक राजपूत, सुभाष मोरे, संदीप वानखेडे, सुनील मगरे एवं मन्नुलाल का विशेष योगदान रहा।
Tags
बुरहानपुर समाचार