जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी में तीन महिला सदस्य हुई नामांकित..

बुरहानपुर - आज जिला अधिवक्ता संघ बुरहानपुर के निर्वाचित विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों की परिषद में 3 और महिला अधिवक्ता सदस्यों को नामांकित किया गया और उन्हें संघ के अध्यक्ष सतनारायण वाघ ने मनोनयन पत्र जारी किए। इन 3 महिला सदस्यों के साथ संघ की कार्यकारिणी 18 सदस्यों की हो गई है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला अधिवक्ता संघ के सचिव एडवोकेट संतोष देवताले ने बताया कि पूर्व में माननीय उच्चतम न्यायालय के समक्ष एक पिटीशन में देश की प्रत्येक जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी में अधिवक्ताओं की निर्धारित संख्या के अनुसार 30% महिलाओं का आरक्षण किया जाना चाहिए। इस संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश पारित किया था कि जहां जहां जिला धिवक्ता संघ के निर्वाचन सम्पन्न हो चुके हैं,वहां यदि निर्वाचित कार्यकारिणी में महिलाओं की संख्या निर्धारित सदस्य सदस्यों के अनुपात में 30% से कम है,तो उसे तुरंत मनोनयन के माध्यम से नामांकित किया जाना चाहिए। इस आदेश के तुरंत बाद जिला अधिवक्ता संघ बुरहानपुर की कार्यकारिणी की आहूत की गई बैठक में सर्वानुमति से निर्णय लेते हुए राखी जैन, सरोज गांधी व आरती दिनेश चौहान के नाम की अनुशंसा का पत्र प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश महोदय के माध्यम से उच्च न्यायालय,जबलपुर को प्रेषित किया गया था और कार्यकारिणी की अनुशंसा के आधार पर तीनों ही महिला अधिवक्ताओं को बुरहानपुर जिला अधिवक्ता संघ की परिषद में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है। इस आशय का पत्र प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा कल जारी किया गया और उसी के अनुशरण में संघ के अध्यक्ष सतनारायण वाघ ने आज तीनों ही महिला अधिवक्ताओं को यह नियुक्ति पत्र जारी किया है। अब जिला अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी बढ़कर 18 सदस्यों की हो गई है, ज्ञात हो कि 5 माह पूर्व संपन्न हुए निर्वाचन में अध्यक्ष सतनारायण वाघ, उपाध्यक्ष विजय मेढ़े, सचिव संतोष देवताले, सह सचिव निखिल खंडेलवाल, लाइब्रेरियन, सुरेश लोढे, कोषाध्यक्ष घनश्याम शाह, कार्यकारिणी सदस्यों में रजनी चौहान,मंगेश इंगले, नूर मंसूरी, संदीप शाह,हितेश उदासी, मोईज मोटरवाला, रूपाली महाजन निर्वाचित हुए हैं। इस मनोनयन पर वरिष्ठ अधिवक्ता मोहनलाल प्रजापति, दिनेशचंद्र कोरावाला, नितिन पटेल, हेमेंद्र गोविंदजीवाला, कस्तूरचंद टांक, शैलेंद्र कपूर, दिनकर इंगले, विनय शाह, उबेद शेख, संजय शाह व अन्य अधिवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post