अवैध गौवंश परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई गणपति नाका थाना पुलिस ने 9 गौवंश के साथ अशोक लीलैंड वाहन किया जब्त

 


बुरहानपुर, 28 फरवरी 2026।

अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना गणपति नाका पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महाराष्ट्र वध हेतु ले जाए जा रहे 9 गौवंश को मुक्त कराते हुए एक ग्रे रंग का अशोक लीलैंड कंपनी का वाहन जब्त किया है। आरोपित चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरसिंह कनेश एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश महाले ने टीम के साथ यह कार्रवाई की।


प्लास्टिक के केरेट से छिपाई जा रही थी असली पहचान

पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट का एक वाहन, जिसके ऊपर प्लास्टिक के केरेट रखकर उसकी पहचान छिपाने का प्रयास किया जा रहा है, अवैध रूप से गौवंश का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उतावली नदी के पास वाहन को घेराबंदी कर रोका।

वाहन रोकते ही चालक और परिचालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन के ऊपरी हिस्से में रखे प्लास्टिक के केरेट हटाए गए और पीछे का फालका खोला गया। अंदर लकड़ी के पटियों से बने पार्टिशन में 9 गौवंश क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए पाए गए।

इनमें 3 जीवित गाय, 5 जीवित बैल और 1 बैल मृत अवस्था में मिला।

संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज

अज्ञात चालक एवं परिचालक के विरुद्ध गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गौवंश परिवहन और वध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश महाले के साथ प्र.आर. 306 देवेन्द्र पवार, प्र.आर. 335 संतोष चौहान एवं आरक्षक 209 प्रताप की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से गौवंश तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post