हार्ट अटैक से कैसे बचें?” विषय पर आम जन के लिए विशेष जनजागृति कार्यक्रम 1 मार्च को राजस्थानी भवन में होगा आयोजित

बुरहानपुर : - हृदय रोगों की बढ़ती समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा “हार्ट अटैक से कैसे बचें?” विषय पर एक विशेष जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 1 मार्च 2026 को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक राजधानी भवन, इंदिरा कॉलोनी में आयोजित होगा।

वैज्ञानिक शोधों के अनुसार हृदय रोग आज विश्व में मृत्यु का प्रमुख कारण बन चुका है। भारत में भी हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में लगभग 11 प्रतिशत वयस्क भारतीयों में हृदय रोग की समस्या पाई गई। प्रतिवर्ष लाखों लोग हार्ट अटैक का शिकार हो रहे हैं, जिनमें से कई लोग उपचार से पहले ही दम तोड़ देते हैं।

इन्हीं चिंताजनक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग द्वारा यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में मुंबई के एमजीएम हॉस्पिटल के प्रोफेसर एवं डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रतन राठौड़ हृदय रोग से बचाव के सरल, सहज एवं प्रभावी उपायों पर मार्गदर्शन देंगे। वे आधुनिक चिकित्सा एवं आध्यात्मिक दृष्टिकोण के समन्वय से हृदय को स्वस्थ रखने के व्यावहारिक उपाय साझा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को हृदय रोग के सही कारणों, बचाव के उपायों तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है। कार्यक्रम में सभी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा किया जा रहा है तथा इसमें “दी अपना कमर्शियल क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी, बुरहानपुर” का सहयोग प्राप्त है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post