त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच — अवमानक पाए जाने पर होगी सख्त कार्यवाही

बुरहानपुर, दिनांक 15 अक्टूबर 2025।
त्योहारों के मद्देनज़र जिले में विभिन्न खाद्य सामग्री विक्रय करने वाली दुकानों की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर की प्रतिष्ठित दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच हेतु भोपाल भेजे गए।

जांच के दौरान गोपाल फूड प्रोडक्ट से तेल एवं नमकीन, मिलन मिठाई मंडी बाजार से ड्राई फूड, मिठाई और पेड़ा, गीता स्वीट्स शनवारा से पेड़ा, बुरहानपुर मावा जलेबी एवं नमकीन सेंटर से बंगाली मिठाई तथा बुरहानपुर जलेबी मंडी बाजार स्थित दिल्ली दरबार मावा मिठाई के नमूने लिए गए।
कार्यवाही के दौरान लगभग 3 किलो गुलाबजामुन की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि, जांच में यदि कोई नमूना अवमानक पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर पेनाल्टी की कार्यवाही की जाएगी।

ज्ञात हो कि, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। त्योहारों के अवसर पर मिलावट रोकने के उद्देश्य से सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि आमजन को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post