भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने खरीदें स्वदेशी उत्पाद, वो खरीदें, जिसमें भारत की मिट्टी की महक हो - अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने दीपावली पर्व पर स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने का आग्रह करते हुए कहा कि अपने दैनिक जीवन में भी उन वस्तुओं का प्रयोग करें, जो स्वदेशी हों। श्रीमती चिटनिस ने स्थानीय नागरिकों से उनके द्वारा निर्मित उत्पाद खरीदे एवं उत्साहवर्धन किया।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि स्वदेशी केवल नारा नहीं, बल्कि अपनाने योग्य संस्कार है। ऐसा नेतृत्व गर्व का विषय है, जो शब्दों से नहीं, कर्मों से प्रेरणा देता है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी के अभियान को घर-घर तक पहुंचाना है। अपने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देना है। हम जब भारत में बना सामान खरीदेंगे, तभी निर्यात कम होगा और भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। आप जब सामान खरीदने जाएं तो एक बार जरूर विचार करें कि जो सामान आप खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं, क्या उसे बनाने में किसी भारतीय का पसीना बहा है या नहीं। अगर आप रेहड़ी-पटरी वाले, लघु और कुटीर उद्योगों में बनने वाले स्वदेशी सामानों को खरीदेंगे तो निश्चित रूप से भारत बहुत जल्दी ही आत्मनिर्भर बन जाएगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देशवासियों से आह्वान किया है कि हम जो भी खरीदें वह पूर्णतः स्वदेशी होना चाहिए। ऐसी वस्तुएं खरीदें, जिनमें हमारे मजदूरों का पसीना हो और भारत की मिट्टी की महक हो। अगर हम इस मंत्र को अपने जीवन में उतार लेते हैं, तो हमारे इस महत्वपूर्ण कदम से न सिर्फ बहुत जल्द हमारा भारत आर्थिक रूप से सशक्त होगा, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भी बनेगा। उन्होंने नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हम सभी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के इस अभियान से जुड़कर स्वदेशी अपनायें और अपने आसपास के छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करें।
 

Post a Comment

Previous Post Next Post