बुरहानपुर : नगर निगम ने मंगलवार को खानका वार्ड में एक बड़े अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए चौथी मंजिल पर बने भवन के हिस्से को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई।
निगम के अनुसार, निवासी शहाबुद्दीन पिता सलाउद्दीन, नबीला कौसर और मोहम्मद तारिक द्वारा चौथी मंजिल पर नगर निगम की अनुमति के बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही निगम की लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आरसीसी स्ट्रक्चर को तोड़कर गिरा दिया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में बिना अनुमति और बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्यों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो भी व्यक्ति बिना अनुमति मकान या दुकान का निर्माण कर रहा है, उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और निर्माण कार्य रोका जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले आवश्यक अनुमति और नक्शा स्वीकृति प्राप्त करें, अन्यथा अवैध निर्माण को तोड़ा जा सकता है। कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी प्रेम कुमार साहू, गोपाल महाजन, संजय तिवारी समेत निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
बुरहानपुर समाचार