बुरहानपुर में खेत से बरामद दंपती के शव, जमीन विवाद में छोटे भाई पर हत्या का शक

बुरहानपुर। खकनार थाना क्षेत्र के रामाखेड़ा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब शनिवार देर शाम एक खेत में पति-पत्नी के खून से सने शव पाए गए। रविवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि मृतक भंगड़ा भिलाला (55) अपनी पत्नी जेमा बाई (50) के साथ खेत में बनी झोपड़ी में ही निवास करता था। शनिवार को जब उनके बेटे ने उन्हें कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने पास के एक किसान को हालचाल जानने भेजा। वहां जाकर पता चला कि दोनों मृत अवस्था में पड़े हैं।

पुलिस को घटनास्थल से खून के धब्बों के साथ एक लाठी भी बरामद हुई है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताई है और प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले सीमांकन भी कराया गया था, लेकिन परिवार के कुछ सदस्य इससे असंतुष्ट थे।

मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा और अन्य परिजनों से जमीन संबंधी विवाद के कारण ही उसके माता-पिता की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जांच जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post