बुरहानपुर। शहर के गांधी चौक स्थित खानका वार्ड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो सगी बहनों से दो सगे भाइयों ने दुकान बेचने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी कर ली। दोनों आरोपी जलेबी व्यवसाय से जुड़े हैं और उन्होंने एक ही दुकान का सौदा तीन अलग-अलग लोगों से कर भारी रकम ऐंठ ली।
पीड़ित बहनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) व 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़िता ने बताया कि दुकान का सौदा 2.88 करोड़ रुपए में तय हुआ था, जिसके एवज में उन्होंने 65 लाख के चार चेक दिए थे। इनमें से तीन चेक से 39 लाख रुपए निकाले गए। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि इसी दुकान का सौदा पहले भी एक अन्य व्यक्ति से किया जा चुका है, जिससे आरोपियों ने 61 लाख रुपए ले लिए थे।
पीड़ित बहनों में एक, फेमीदा, एक सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षिका हैं, जबकि दूसरी बहन मेंहदी लगाने का काम करती हैं। दोनों बहनों ने बताया कि उन्होंने जीवन भर की कमाई इस सौदे में लगा दी, लेकिन धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। अब वे न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी सीताराम सोलंकी ने बताया कि मामला जांच में लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Tags
बुरहानपुर समाचार