अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में बुरहानपुर के शाहपुर में निकली भव्य तिरंगा और सिंदूर यात्रा:ऑपरेशन सिंदूर में सेना के शौर्य का सम्मान

बुरहानपुर। बुरहानपुर के शाहपुर में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सेना के शौर्य को सम्मान देने के लिए सिंदूर यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों और नारों के साथ निकली तिरंगा और सिंदूर यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। यात्रा भारतीय सेना के अदम्य साहस और 'ऑपरेशन सिंदूर' को समर्पित रही। “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंजती इस यात्रा ने शाहपुर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। 

इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि कहा कि यह सिंदूर सिर्फ सौभाग्य का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे आत्मसम्मान, संस्कृति और बलिदान की भी पहचान है। अगर पाकिस्तान या आतंकवादी ताकतें इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगी, तो उनका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि आज की महिलाएं केवल गृहिणी या कामकाजी नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई जैसी वीरांगनाओं की भूमिका निभाने को तैयार हैं। देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मातृशक्ति भी हर मोर्चे पर उतर सकती है।
यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक परंपरा का पालन नहीं, बल्कि देश की रक्षा में लगे सैनिकों के प्रति कृतज्ञता और मातृशक्ति की चेतना का सार्वजनिक प्रदर्शन था। इस अनूठी पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र की रक्षा केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है और महिलाएं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने को तैयार हैं।
सिंदूर यात्रा में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती साधना वीरेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी गोपाल चौधरी, श्रीमती कविता अरुण सूर्यवंशी एवं प्रदीप पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण शामिल रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post