प्रदेश के कर्मचारियों के जीवन में नई खुशहाली लाएगा केन्द्र के समान महंगाई भत्ता देना-भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के हित में लिए गए अभूतपूर्ण निर्णयों पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र के समान महंगाई भत्ता देना कर्मचारियों के जीवन में नई खुशहाली लाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी कर्मचारी बंधुओं की ओर से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को हृदय से धन्यवाद दिया।
पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं भाजपा सरकार ने हमेशा कर्मचारियों के हितों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने संविदा कर्मचारियों को भी पिछले दिनों बड़ा तोहफा दिया है। जिसके तहत संविदा कर्मियों का प्रतिवर्ष नवीनीकरण समाप्त करके नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश के साथ सभी सुविधाएं देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सातवें वेतन आयोग के एरियर्स की किश्त, वार्षिक वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को दिया है। समय-समय पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कर्मचारियों की खुशहाली के लिए कदम उठाए है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि अब राज्य के कर्मचारियों को भी केंद्र के समान 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा, जिसका एरियर जनवरी से जून तक 3 समान किश्तों में दिया जाएगा। यह 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता जुलाई माह के वेतन में जुड़कर मिलेगा जो कि अगस्त माह से दिया जाएगा।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि छठवां वेतनमान प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी समानुपातिक वृद्धि होगी। जिसके अंतर्गत राज्य सरकार ने कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान प्रदान करने का निर्णय लिया है। वर्ष 2014 में 30 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले राज्य के कर्मचारियों को तृतीय समयमान वेतनमान प्रदान किया गया था। ऐसे शासकीय सेवक जो 1 जुलाई 2023 अथवा उसके पश्चात् 35 वर्ष की सेवा पूर्ण कर लेंगे, उन्हें चतुर्थ समयमान वेतनमान दिया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post