बैतूल - जिले में अमेरिका-इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर फंड से 50 बिस्तर के कोविड बलून अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। रविवार को दो बलून में हवा भरने के बाद ढांचा खड़ा कर दिया गया है। पीडी मेडिकल कंपनी के 25 कर्मचारियों की टीम इसका निर्माण कार्य कर रही है। स्ट्रक्चर बनने के बाद इसे मात्र 10 दिन में मरीजों के भर्ती करने योग्य बनाने का दावा किया जा रहा है। इस बलून अस्पताल में आठ आइसीयू बेड, 15 ऑक्सीजन बेड और 27 सामान्य बेड उपलब्ध होंगे।
निर्माण कंपनी के द्वारा ऑक्सीजन पाइप लाइन, बेड, स्टैंड, रिसेप्शन एरिया, डॉक्टर लॉज, एक्जामिनेशन हाल, डॉक्टर, नर्स, मरीज वॉशरूम तैयार किए जा रहे हैं। सीएमएचओ डा. एके तिवारी ने बताया कि कोविड मरीजों की सुविधा के लिए कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस के प्रयास से निश्शुल्क तैयार हो रहे कोविड बलून अस्पताल की सौगात मिली है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टर, स्टाफ और दवाएं, बिजली, पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। 120 फीट लंबाई और 80 फीट चौड़ाई के इस रबर के टेंट में एसीपी सीट के माध्यम से पार्टिशन व अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर रूपेश चौरसे ने बताया कि बलून को खड़ा करने के लिए तीन घंटे गर्म और ठंडी हवा भरी गई।यह पूरी तरह से फायर और वाटर प्रूफ होने के साथ ही इसे तेज हवा, आंधी से कोई नुकसान नहीं होगा। सोमवार को तकनीकी टीम के पहुंचते ही आक्सीजन कंसंट्रेटर, लाइन, एसी, आइसीयू, बेड समेत अन्य लगाना प्रारंभ कर दिया जाएगा।
दो बलून के बीच बनेंगे शौचालय
जिला अस्पताल परिसर में दो बलून के बीच की जगह में शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इसका उपयोग दोनों बलून में भर्ती मरीजों के साथ ही स्टाफ करेगा। सीएमएचओ तिवारी ने बताया कि बलून अस्पताल बन जाने के बाद जिला अस्पताल में ही 150 कोविड मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था हो जाएगी।