दूरदर्शन, आकाशवाणी और डीडी स्‍पोर्टस् ओलिम्पिक-2020 के आयोजनों का व्‍यापक प्रसारण करेंंगे


दूरदर्शन, आकाशवाणी और डीडी स्‍पोर्टस् चैनल ओलिम्पिक-2020 के आयोजनों का व्‍यापक रूप से प्रसारण करेगा। इनमें ओलिम्पिक से पहले और बाद के आयोजन शामिल होंगे। ये प्रसारण दूरदर्शन और आकाशवाणी के डिजीटल प्‍लेटफॉर्म पर भी उपलब्‍ध होंगे। डीडी स्‍पोर्टस्, दूरदर्शन समाचार और डी डी इंडिया चैनल पर ओलिम्पिक के आयोजनों पर प्रतिदिन विशेष कार्यक्रम प्रसारित किये जाएंगे। ओलिम्पिक में विभिन्‍न खेल प्रतियोगिताओं का डीडी स्‍पोर्टस् पर सवेरे पांच बजे से शाम सात बजे तक सीधा प्रसारण किया जाएगा।

  ओलिम्पिक पर प्रसारित कार्यक्रमों का प्रसारण सभी प्रमुख केन्‍द्रों, एफएम रेनबो नेटवर्क, डीआरएम और प्रसारण करने के इच्‍छुक अन्‍य केन्‍द्रों से किया जाएगा। ये कार्यक्रम आकाशवाणी के यूट्यूब चैनल, डीटीएच और न्‍यूज ऑन एआईआर एप पर भी उपलब्‍ध होंगे। प्रतिदिन ओलिम्पिक खेलों की मुख्‍य बातें और एफ एम पर ताजा जानकारी भी प्रसारित की जाएंगी।

  आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग इस महीने की पहली तारीख से अपने स्‍पोर्टस् स्‍केन कार्यक्रम में प्रतिदिन ओलिम्पिक क्विज का प्रसारण कर रहा है। क्विज में जीतने वालों को टीम इंडिया की जर्सी मिलेगी। स्‍पोर्टस् स्‍केन कार्यक्रम और प्रमुख समाचार बुलेटिनों में हर दिन ओलिम्पिक में भाग लेने वाले भारतीय टीम के खिलाडियों का प्रोफाइल भी प्रसारित किया जा रहा है। भारत के पदक जीतने की संभावनाओं, टीम की तैयारियों और सरकार द्वारा खिलाडियों को दी जा रही मदद के संबंध में विशेष समाचार, साक्षात्‍कार और चर्चा पर आधारित विशेष कार्यक्रमों का भी प्रसारण किया जा रहा है। आकाशवाणी समाचार और राज्‍यों में स्थित 46 क्षेत्रीय समाचार इकाइयां 77 भाषाओं में प्रख्‍यात खेल हस्तियों, कोच, टीम के सदस्‍यों के परिजनों और समाज में प्रतिष्ठित लोगों के संदेश प्रसारित किये जाएंगे। देश भर में आकाशवाणी का समाचार नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में ट्वीट्स और इन्फो-ग्राफिक्स के माध्यम से फोटो, वीडियो और संबंधित समाचारों को पोस्ट करके कवरेज को बढ़ा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post