बुरहानपुर - 29-जून-2021
कोविड-19 की रोकथाम एवं नियंत्रण के मद्देनजर तीसरी लहर के नियंत्रण की तैयारी के लिए जिला प्रशासन सतर्क एवं सक्रिय है।
इसी उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने विभिन्न कक्षों में जाकर सूक्ष्मता से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एम.पी.गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. शकील खान सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी तथा स्टॉफ उपस्थित रहा।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी ली
कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सिविल सर्जन ने कोरोना की तीसरी लहर के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के लिए 10 बेड गहन चिकित्सा ईकाई (पी.आई.सी.यू.) की स्थापना की जा रही है। ऑक्सीजन व्यवस्था हेतु 10 बेड की सेन्ट्रल लाईन की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। वहीं कुल 4 वेंटिलेटर की व्यवस्था की गयी है। 4 बाईपेप उपलब्ध है जिनका उपयोग किया जा सकता है।
कोविड-19 के उपचार हेतु पर्याप्त मात्रा में दवाईयां एवं उपकरण उपलब्ध है। कोरोना की तीसरी लहर पर नियंत्रण एवं सख्त निगरानी तथा उपचार के लिए शिशु रोग विशेषज्ञों एवं स्टॉफ नर्स का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। जिला चिकित्सालय परिसर में ऑक्सीजन प्लांट का कार्य प्रगति पर है। सीटी स्कैन मशीन लगवाने हेतु स्थान का अवलोकन एवं चिन्हांकन किया जा चुका है।
Tags
बुरहानपुर समाचार