इंदौर. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी यहां कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल होता जा रहा है। दूसरी लहर की जो तस्वीर सामने आ रही हैं वह बेहद डरावनी हैं। सीएम शिवराज ने विशेषज्ञों, चिकित्सकों और अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग कर मौजूदा हालात पर समीक्षा बैठक की। जिसमें सीएम ने कई अहम और सख्त फैसले लिए।
वैक्सीन सर्टिफिकेट या फोटो के बाद ऑफिस में एंट्री
दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर के मंडी आयुक्त, नगर निगम प्रभारी, जिला कमिश्नर और कलेक्टर को सख्त लहजे में कहा कि 45 साल से उम्र के ज्यादा के लोगों को तभी सरकारी दफ्तरों में प्रवेश मिल सकेगा, जब वह वैक्सीन लगवा ले।नहीं तो बिना डोज लेने वालों को एंट्री नहीं दी जाएगी। साथ ही इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि इसके लिए सरकारी कर्मचारियों को वैक्सीन लगवाने का सर्टिफिकेट या फोटो दिखाना होगा। नहीं तो वह अपने ऑफिस नहीं आ पाएंगे। बता दें कि यह नियम सोमवार के दिन से लागू हो जाएगा।
बिना मास्क वालों को जेल में डाला जाएगा
इतना ही नहीं सीएम ने कहा कि भोपल-इंदौर में मास्क लगाने और डिस्टेंसिंग के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद भी अगर कोई बिना मास्क के पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उसे कुछ समय के लिए ओपन जेल में रखा जाएगा। साथ ही उस पर उसकी आर्थिक क्षमता के हिसाब से जुर्माना भी लगाया जाएगा।