"सम्मान अभियान" अंतर्गत जागरूकता रैली का हुआ आयोजन....महिला की सुरक्षा एवं उन्हें सशक्त करना, हमारा उद्देश्य-जिला कलेक्टर  

बुरहानपुर-13 जनवरी 2021-महिला की सुरक्षा एवं उन्हें सशक्त करना हमारा उद्देश्य है, इसे बढ़ावा देने के लिए सम्मान अभियान अंतर्गत जिले में आज जागरूकता रैली आयोजित की गई। 
महिलाओं के विरूद्ध अपराधों की रोकथाम एवं महिला सुरक्षा को समाज के केन्द्र बिन्दु पर लाने हेतु प्रदेश स्तरीय जन-जागरूकता अभियान ‘‘सम्मान‘‘ का शुभारंभ मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किया गया है। 
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं/बालिकाओं के प्रति समाज में जागरूकता, सक्रिय भागीदारी हेतु अनुकूल वातावरण बनाये जाने एवं संभावित अपराधों को हतोत्साहित करना है। 
इस अभियान के दौरान जिले में प्राप्त निर्देशानुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान अंतर्गत आज जिला कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा ने हरी झण्डी दिखाकर आयोजित जागरूकता रैली का शुभारंभ किया। 
यह रैली प्रातः 8.30 बजे सावित्री बाई फूले कन्या शाला से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय, जयस्तंभ, गुलमोहर मार्केट, सुभाष चौक से गांधी चौक तक आयोजित की गई। इस रैली में उच्च शिक्षा विभाग की छात्राऐं, कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक की छात्र-छात्राऐं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागों की महिलाओं ने सहभागिता की।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ संबंधी घटनाओं एवं उससे बचाव जिसमें-महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर सेल, डायल 100, विभिन्न योजनाऐं एवं अधिकारों की जानकारी सहित अन्य महिला संबंधी जानकारियों से अवगत कराया गया। 
महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुमन कुमार पिल्लई से प्राप्त जानकारी अनुसार वन स्टाप सेंटर बुरहानपुर के नंबर 83056-07883 एवं 181 पर कॉल कर सहायता ली जा सकती है।
आयोजित जागरूकता रैली के अवसर पर उपस्थित बालिकाओं द्वारा अपने विचार भी प्रकट किये गये। ग्राम जसौंदी निवासी बालिका ने अपने विचार रखकर कहा कि मुझें अगला जन्म ‘‘बेटी‘‘ के रूप में ही मिलें, क्योंकि बेटी ही सशक्त समाज की आधारशिला होती है। 
रैली के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एम.के.प्रसाद, नगर निगम आयुक्त श्री भगवानदास भूमरकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुमन कुमार पिल्लई सहित अन्य जिला अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post