बुरहानपुर - 01-अक्तूबर-2020 - वैसे तो वरिष्ठजनों का सम्मान हर दिन, हर पल हमारे मन में होना चाहिए, लेकिन उनके प्रति मन में छुपे इस सम्मान को व्यक्त करने के लिए प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर का दिन अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन कर वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया।
इसी श्रृंखला में आज जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री राहुल कुमार लोढा ने आसीर, खातला, धुलकोट में आयोजित कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं को शॉल-श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया एवं उन्हें निर्वाचन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदाय की, जिला कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के मंशानुसार इस बार चुनाव में 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए भी पोस्टल बैलेट की सुविधा दी जा रही है। इसलिए आप अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश हित में अपना योगदान अवश्य दे।
इसके साथ ही सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा नगर परिषद् शाहपुर में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी द्वारा वृद्धजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया एवं उनका आर्शीवाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री धीरेन्द्र सिंह सिकरवार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।