खंडवा (कमल नागपाल) - इंदौर से अकोला फोरलेन राजमार्ग के लिए 3800 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाने का पूर्व निमाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है।मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है और समस्त जनप्रतिनिधियों को साधुवाद दिया है।
चेंबर प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा इस मार्ग के लिए 3800 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया जाना बहुत ही प्रसन्नता का विषय है।उल्लेखनीय है कि इस राजमार्ग के जीर्णोद्धार के लिए विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ ही साथ व्यापारिक जगत की सक्रिय संस्था पूर्व निमाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी समय-समय पर विभिन्न माध्यम ध्यान आकर्षित किया था और कई बार सम्बंधित जिम्मेदारों से भेंट भी की थी और यह मुद्दा कई बार उठाया था।
3800 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने पर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गुरमीतसिंह उबेज़ा,सचिव सुनील बंसल और कोषाध्यक्ष गोवर्धन गोलानी ने माननीय मंत्री महोदय और जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है,लेकिन यह भी सर्वविदित है कि यह मार्ग अभी बहुत ही जर्जर स्थिति में है।सनावद के आसपास सड़क की हालत बहुत खराब है।
चेम्बर के अध्यक्ष श्री उबेज़ा ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते विगत चार पांच माह से व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और व्यापार व्यवसाय अपेक्षाकृत कम है।लेकिन आने वाले समय में इसमें निरंतर सुधार आने की संभावना है।चूंकि सरकारी प्रक्रिया में बहुत समय लगेगा,इसलिए फिलहाल इस राजमार्ग की अस्थाई रूप से रिपेयरिंग तत्काल की जाए।जिससे क्षेत्र वासियों को आंशिक राहत मिल सकेगी।ऐसा न किये जाने से व्यापार सुधरने की स्थिति बनने पर व्यापारियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।वैसे भी खंडवा और बुरहानपुर का व्यापार इंदौर से सीधे सीधे जुड़ा हुआ है।अतः मार्ग के दुरुस्तीकरण के निर्देश तत्काल दिए जाने चाहिए।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभी सदस्यों ने पुनः सड़क परिवहन मंत्री श्री गडकरी और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि इस राजमार्ग के सुधरने से समय और ईंधन की काफी बचत होगी।इस बहुप्रतीक्षित मांग को स्वीकृत किया जाना अत्यंत हर्ष का विषय है।