बुरहानपुर - दिनांक 31.07.2020 एवं 01.08.2020 की मध्य रात्रि थाना शाहपुर के ग्राम बोदरली स्थित गिट्टी- खदान के समीप टपरी में रहने वाले चौकीदार की पत्नी एवं नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना घटित हुई थी ।
इस संबंध में थाना शाहपुर में सामूहिक दुष्कर्म , डकैती एवं पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया । घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया । प्रकरण की संवेदनशीलता के कारण एसआईटी का गठन किया गया । अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु 5 अलग- अलग टीमें विवेचना एवं पतारसी कार्य हेतु बनाई गई । अलग - अलग संभावनाओं को देखते हुए टीमों को टास्क दिया गया ।
घटनास्थल के समीपवर्ती क्षेत्रों में घटना के पूर्व आवागमन करने वाले एवं समीप के गिट्टी - खदान पर काम करने वाले , केले के खेतों करने वाले लोगों के आवागमन की गतिविधियों की समीक्षा की गई । एफ.एस.एल. टीम , डॉग स्कॉड से भी घटना स्थल का परीक्षण कराया गया । पीड़िताओं से आरोपियों का स्कैच तैयार कराया गया ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुरहनपुर के नेतृत्व में विवेचना टीम के द्वारा अनवरत प्रयास कर इस सनसनीखेज घटना के अज्ञात आरोपियों का पता लगाया गया । इसमें पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन के सायबर सेल से अत्यंत महत्वपूर्ण तकनीकी सहायता भी प्राप्त हुई । पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन श्री विवेक शर्मा एवं उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन , श्री तिलक सिंह का निरंतर मार्गदर्शन इस प्रकरण में प्राप्त होता रहा है।
प्रकरण में आरोपीगण थावरसिंह पिता फतू , सुखलाल पिता भाऊसिंह , भूरा पिता बाथू तीनों निवासी आमगांव , हीरालाल पिता अनारसिंह निवासी उसारणी , नाहरसिंह पिता छोटिया निवासी नांदुरा खुर्द को गिरफ्तार किया गया है । इस संबंध में एसडीओपी नेपानगर , थाना प्रभारी शाहपुर के अतिरिक्त अन्य पुलिस अधिकारियों के द्वारा उल्लेखनीय योगदान दिया गया है ।
आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है एवं जिले में पूर्व में घटित इस प्रकार के अन्य अपराधों में भी इनकी संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ की जावेगी । विवेचक टीम को पृथक से पुरूस्कृत किया जावेगा ।