प्रयोग के बाद मास्क को डिस्पोज कैसे करें : रखें ये सावधानियां
बुरहानपुर - कोरोना के चलते हर व्यक्ति आज मास्क लगाये घूम रहा है। देखा जा रहा है कि लोगों द्वारा डिस्पोजेबल मास्क का उपयोग लगातार बार बार किया जा रहा है साथ ही अन्य मास्क को बिना विसंक्रमित किये भी इस्तेमाल किया जा रहा है जो कि खतरनाक हो सकता है।
आज हम आपको बताएंगे कि मास्क का डिस्पोज कैसे करें
इसके लिये मेडिकल संसार पत्रिका को पैरामेडिकल एसोसिएशन के डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि - उपयोग के बाद मास्क उतार दे और ऐसी जगह से मास्क को दूर रखें, जिनसेे संभावित रूप से दूषित होने का खतरा है। मास्क को उतारते वक्त मास्क को अपने चेहरे और कपड़ों से दूर रखते हुए कानों के पीछे से जहां पर डोरी है वहां से पकड़ें। उपयोग के तुरंत बाद मास्क को एक प्लास्टिक की थैली में डालकर कचरे में डाल दें और ऐसी जगह रखें जहां वह दूसरे व्यक्ति की पहुंच से दूर हो और उसे किसी ढलावघर में ही जाकर डिस्पोज करें। ध्यान रखें कि मास्क को खुले में न फेंके क्योंकि ये दूसरे व्यक्ति को संक्रमित बना सकती है। मास्क को छूने या उतारने के बाद हाथ को साफ करें। इसके साथ ही एल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करें। अगर आपके हाथ गंदे दिखाई दे रहे हैं तो अपने हाथों को साबुन और पानी से धोएं।