वाहन जांच अभियान में 10 वाहन जब्त, स्कूली बच्चों की ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई



ऑटो रिक्शा और टाटा मैजिक में क्षमता से अधिक बच्चे मिले, सुरक्षा को देखते हुए वाहनों को लिया अभिरक्षा में; 9 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला

बुरहानपुर, 21 अगस्त। शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 10 वाहनों को जब्त कर ताप्ती मिल परिसर में अभिरक्षा में लिया गया। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग और होमगार्ड जवानों की संयुक्त टीम ने ताप्ती मिल मार्ग, रेलवे स्टेशन क्षेत्र तथा दर्यापुर-नेपानगर मार्ग पर वाहनों की व्यापक जांच की।


जांच के दौरान 8 ऑटो रिक्शा, 1 जेसीबी और 1 टाटा मैजिक को नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्त किया गया। सबसे गंभीर मामला उन वाहनों में सामने आया, जिनमें स्कूली बच्चों को निर्धारित क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाया जा रहा था। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने संबंधित ऑटो रिक्शा और टाटा मैजिक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की।

अभियान के दौरान यात्री बसों और स्कूल बसों की भी सघन जांच की गई। टीम ने वाहनों के दस्तावेज, नियमों के पालन और बच्चों के सुरक्षित परिवहन से जुड़े प्रावधानों की जांच की।

विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए विभाग ने 9 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूल किया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post