बुरहानपुर। आदिवासी विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार रात सिंधी बस्ती स्थित आदिवासी बालक छात्रावास के कई विद्यार्थी खिचड़ी में इल्लियां मिलने के बाद सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गए। रात करीब साढ़े नौ बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे विद्यार्थियों ने अधिकारियों के सामने छात्रावास की अव्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
भोजन में इल्लियां मिलने से भड़के विद्यार्थी
विद्यार्थियों का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। गुरुवार रात जब भोजन परोसा गया और विद्यार्थियों ने थालियां उठाईं तो खिचड़ी में इल्लियां दिखाई दीं। इससे नाराज विद्यार्थी छात्रावास से निकलकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए और जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
विद्यार्थियों ने छात्रावास अधीक्षक सम्राट सोनोने पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि अधीक्षक सप्ताह में कई दिनों तक छात्रावास में मौजूद नहीं रहते, जिसके कारण व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी नहीं हो पाती।
जांच के लिए पहुंचे अधिकारी, भोजन के सैंपल लिए
विद्यार्थियों की शिकायत की जानकारी मिलते ही कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश डावर को छात्रावास भेजकर जांच कराई गई।
जांच के दौरान अधिकारियों को छात्रावास में गंदगी सहित कई अन्य कमियां भी मिलीं। भोजन के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है, ताकि भोजन की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
अधीक्षक निलंबित, नए प्रभारी को जिम्मेदारी
मामले में प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रावास अधीक्षक सम्राट सोनोने को निलंबित कर दिया है। फिलहाल छात्रावास की जिम्मेदारी सुरेश कराड़े को सौंपी गई है। अधिकारियों की जांच रिपोर्ट कलेक्टर को प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
तय मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने का आरोप
विद्यार्थियों ने छात्रावास में शासन द्वारा निर्धारित भोजन के मीनू का पालन नहीं होने की शिकायत भी की। उनका कहना है कि कई बार निर्धारित मीनू के बजाय केवल कढ़ी-खिचड़ी या रोटी-सब्जी ही परोसी जाती है। विद्यार्थियों ने भोजन में इस्तेमाल होने वाले चावल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए।
इसके अलावा छात्रावास में नियमित साफ-सफाई नहीं होने, शौचालयों की स्थिति खराब होने और अन्य व्यवस्थागत कमियों की शिकायत भी विद्यार्थियों ने की है।
अब भोजन के सैंपल की जांच रिपोर्ट और प्रशासन की विस्तृत जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि छात्रावास में विद्यार्थियों को किस स्तर का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था और लापरवाही के लिए आगे किन लोगों पर कार्रवाई होती है।
Tags
बुरहानपुर समाचार
