“बेटियों की उड़ान से रोशन हुआ बुरहानपुर : अनन्या अग्रवाल ने CBSE 12वीं में 96.4% अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान”



बुरहानपुर। शहर की होनहार छात्रा अनन्या अग्रवाल ने CBSE 12वीं परीक्षा में 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पालक महासंघ जिला इकाई बुरहानपुर द्वारा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अनन्या की सफलता से परिवार, समाज एवं शिक्षा जगत में हर्ष का वातावरण है।

अनन्या अग्रवाल, डॉ. मनोज अग्रवाल एवं श्रीमती ज्योति अग्रवाल की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन के बल पर यह उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की। उनके पिता डॉ. मनोज अग्रवाल एक प्रसिद्ध चिकित्सक व सामाजिक एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने बेटी की सफलता का श्रेय उसकी लगन, परिवार के सहयोग एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

इस अवसर पर पालक महासंघ जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि जिले के विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य तय करेगी तथा विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले का सम्मान है। उन्होंने CBSE सहित विभिन्न परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पालक महासंघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अनन्या अग्रवाल को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

अनन्या की इस उपलब्धि पर समाज के विभिन्न वर्गों एवं नागरिकों ने शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर श्रीमती सरिता भगत, धर्मेंद्र सोनी, रजनी गट्टानी, राजीव खेड़कर, नंदकिशोर वाने, अत्ताउल्लाह खान, पूजा नागदा, रियाज अंसारी, राजिक अंसारी, राम अग्रवाल,राजेश भगत आदि उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post