ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर ने चलाया ताप्ती स्वच्छता जनअभियान



बुरहानपुर। शहर की जीवनदायिनी ताप्ती नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से ताप्ती सेवा समिति बुरहानपुर द्वारा प्रति सप्ताह रविवार को ताप्ती तट राजघाट पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। समिति के सदस्य प्रत्येक रविवार प्रातःकाल स्वयं प्रेरणा से उपस्थित होकर घाट क्षेत्र की साफ-सफाई कर समाज को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।



समिति का यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का भी कार्य कर रहा है। सदस्यों का मानना है कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे, तो ताप्ती नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखना संभव है।

समिति अध्यक्ष सरिता भगत ने बताया कि यह अत्यंत खुशी की बात है कि अब यह पहल धीरे-धीरे रंग ला रही है। प्रशासन भी घाटों की ओर ध्यान देते हुए रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य करा रहा है। वहीं शहर के समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक संगठन एवं समाज प्रमुख भी इस जनअभियान से जुड़ते हुए घाटों पर विविध सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह कारवां कुछ मुट्ठीभर लोगों के साथ प्रारंभ हुआ था, लेकिन आज यह एक विशाल जनअभियान का रूप लेता जा रहा है। अब लोग अपने स्तर पर समय निकालकर घाटों पर पहुंच रहे हैं और स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम कर रहे हैं, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

आज आयोजित स्वच्छता अभियान में प्रमुख रूप से धर्मेंद्र सोनी, डॉ. युसूफ खान, मोहन दलाल, मनोज कानूनगो, नंदकिशोर वा़णे, पुनीत साकले, राजकुमार बछवानी, विजय राठौड़, राजीक हुसैन अंसारी, राजेश भगत, सदु गवई, विवेक हकीम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर घाट क्षेत्र में सफाई करते हुए नागरिकों से भी ताप्ती नदी में कचरा न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

स्वच्छ ताप्ती, स्वस्थ समाज” का दिया संदेश

समिति सदस्यों ने कहा कि ताप्ती नदी केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि बुरहानपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान भी है। इसे स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

अभियान के अंत में सभी सदस्यों ने आगामी रविवार को भी इसी उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post