बुरहानपुर। थाना नेपानगर पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 को फरियादी अरविंद पिता हिरालाल जैन, निवासी ग्राम सीवल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 9 बजे अपनी दिव्यानी किराना दुकान (सीवल बस स्टैंड) बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान से घी के 4 पैकेट, रिफाइंड तेल के 7 पैकेट, 2 किलो काजू और गल्ले में रखे 8000 रुपये सहित कुल लगभग 12,000 रुपये का सामान चोरी हो चुका था। इस पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना नेपानगर में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश तथा एसडीओपी श्री निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में टीम ने सक्रियता दिखाते हुए जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक मुंह बांधकर चोरी करते हुए दिखाई दिए।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डालमऊ निवासी पप्पू चौहान (18 वर्ष) और उसका एक नाबालिग साथी क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 28 जनवरी की रात करीब 12 बजे मोटरसाइकिल (MP68-ZC-9172 स्प्लेंडर) से सीवल बस स्टैंड पहुंचकर किराना दुकान का ताला सरिए से तोड़ा और अंदर घुसकर सामान चोरी कर लिया। इसके बाद वे सामान लेकर अपने गांव डालमऊ लौट गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए 8000 रुपये में से 4000 रुपये नकद, तेल के 4 पैकेट, घी के 2 पैकेट, काजू के 3 पैकेट (250 ग्राम) सहित कुल 8000 रुपये का मशरूका तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
पप्पू पिता हरदास चौहान (18 वर्ष), निवासी ग्राम डालमऊ, थाना नेपानगर
एक नाबालिग, निवासी ग्राम डालमऊ
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल, उपनिरीक्षक हेमेंद्र सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक सूरज सिंह मौर्य, प्रधान आरक्षक संदीप पटेल एवं आरक्षक गजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
बुरहानपुर समाचार
