विश्व क्षय दिवस पर बुरहानपुर में 100 दिवसीय ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान का शुभारंभ, मरीजों को फूड बास्केट वितरित



बुरहानपुर, 24 मार्च 2026:
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में 100 दिवसीय ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, सांसद प्रतिनिधि डॉ. दीपक वाभले एवं सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों जैसे निर्माण स्थलों, छात्रावासों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष रूप से टीबी की स्क्रीनिंग हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों की रक्तचाप, शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच भी की जाएगी।

अभियान के दौरान टीबी के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत मरीजों को प्रति माह 1000 रुपये की सहायता राशि एवं फूड बास्केट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही जिले में व्यापक स्तर पर टीबी जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल द्वारा 20 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों को गोद लें और उनकी पोषण सहायता करें।

इस अवसर पर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने हेतु सभी उपस्थितजनों द्वारा ‘निक्षय शपथ’ भी ली गई। कार्यक्रम का संचालन श्री विजय सोनी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके, आरएमओ डॉ. भूपेंद्र गौर, सर्जिकल स्पेशलिस्ट डॉ. मुमताज अंसारी सहित टीबी मरीज एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में आभार प्रदर्शन श्री विजय सोनी द्वारा किया गया

Post a Comment

Previous Post Next Post