बुरहानपुर में विकास कार्यों की समीक्षा प्रतिमाए स्थापना और नए भवन के टेंडर के दिए निर्देश,समग्र विकास को गति देने महापौर सख्त निगम कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई



बुरहानपुर — शहर के समग्र विकास एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल द्वारा नगर निगम के सभी विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट (प्रकाश व्यवस्था),जल आवर्धन योजना, नालों के चैनलाइजेशन तथा संपत्ति कर वसूली की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।



बैठक के दौरान महापौर ने शहर में महान विभूतियों की प्रतिमाएं शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाएं स्थापित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई कर प्रतिमा लगाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही महापौर ने नगर निगम के नवीन कार्यालय भवन के निर्माण हेतु शीघ्र निविदा (टेंडर) प्रक्रिया प्रारंभ करने हेतु संबंधित अधिकारियों से कहा गया, ताकि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन समयबद्ध रूप से निर्मित किया जा सके 
महापौर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने शहर के अंधेरे क्षेत्रों में शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब लाइटों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। जल आवर्धन योजना के अंतर्गत कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए नागरिकों को पर्याप्त एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नालों के चैनलाइजेशन कार्य को प्राथमिकता देते हुए महापौर ने वर्षा ऋतु से पूर्व सभी नालों की सफाई एवं मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
संपत्ति कर वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने एवं करदाताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में महापौर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शहर के समग्र विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में पूर्व महापौर श्री अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव,कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू,सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा,सहायक आयुक्त रितेश पाटीदार,लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, सहायक यंत्री अशोक पाटिल,गोपाल महाजन, कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी हरिश मोरे,निगम सचिव संजय शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post